राजस्थान में भी कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया है.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने बताया कि जयपुर में एक इतालवी पर्यटक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.
उन्होंने बताया कि 29 फ़रवरी को लिए गए पहले नमूने में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन दूसरे नमूने की जाँच की गई और सोमवार (1 मार्च) को उनके कोरोना वायरस के संक्रमित होने की पुष्टि हुई.
शर्मा ने कहा, ''चूंकि रिपोर्ट में अंतर है, इसलिए नमूने को परीक्षण के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजा गया है."
मंत्री ने कहा, "इटली के यात्री को एसएमएस अस्पताल के निगरानी वार्ड में रखा गया है. दो जाँच में अलग-अलग रिपोर्ट सामने आने के बाद उसके सैंपल को एक बार फिर से जाँच के लिए भेजा गया है. 29 फ़रवरी तक जितने भी लोग उनके संपर्क में आए हैं, उनकी भी जांच की जाएगी."
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के दो और मामलों की पुष्टि की.
मंत्रालय के मुताबिक़ एक व्यक्ति दिल्ली में और एक तेलंगाना में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि दिल्ली के जिस व्यक्ति के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है उसने हाल में इटली की यात्रा की थी, जबकि दूसरे ने दुबई की यात्रा की थी.
कोरोना वायरस से उत्पन्न मौजूदा स्थिति की निगरानी करने और निवारण के उपाय करने के लिए गठित मंत्रियों के समूह की बैठक के बाद हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार ने कोरोना वायरस के प्रति चौकसी और संक्रमण की पहचान एवं रोकथाम के लिए कई क़दम उठाए हैं.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत सरकार ने ईरान और इटली की सरकार से भारतीयों को वहां से स्वदेश लाने पर चर्चा की है.
हर्षवर्धन के मुताबिक़ नेपाल, इंडोनेशिया, वियतनाम, मलेशिया, चीन, हांगकांग, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और जापान से आने वाले यात्रियों की देश के 21 हवाई अड्डों पर जाँच की जा रही है.
उन्होंने बताया कि अब तक हवाई अड्डों पर 5,57,431 यात्रियों की और बंदरगाहों पर 12,431 लोगों की जाँच की गई है.
दिल्ली सरकार ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली हिंसा में मारे गए आईबी अधिकारी अंकित शर्मा के परिवार को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है.
सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी घोषणा की. सरकार ने ये भी कहा है कि अंकित के परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी भी दी जाएगी.
अंकित की मौत दिल्ली में हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान हुई थी. उनका शव चांद बाग़ इलाके में एक नाले से बरामद हुआ था.
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट किया, "अंकित शर्मा IB के जांबाज़ अधिकारी थे. दंगो में उनका नृशंस तरीक़े से क़त्ल कर दिया गया. देश को उन पर नाज़ है. दिल्ली सरकार ने तय किया है कि उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि और उनके परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देंगे. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें."
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने हिंसा में मारे गए पुलिसकर्मी रतन लाल के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवज़ा देने का ऐलान किया था.
इसके अलावा हिंसा पीड़ितों के लिए दिल्ली सरकार की तरफ़ से मुआवज़े का एलान करते हुए उन्होंने कहा था, "मृतक व्यस्कों के लिए 10 लाख रुपये, मृतक नाबालिग और स्थाई अक्षमत के मामले में 5 लाख रुपये, गंभीर चोट के लिए 2 लाख रुपये, मामूली चोट के लिए 20,000, पूरा घर जलने पर 5 लाख का मुआवज़ा जल्द से जल्द देने सरकार कोशिश करेगी."
No comments:
Post a Comment